चोरी की जांच में उजागर हुआ करोड़ों का खजाना, जशपुर RTO की संपत्ति पर उठे सवाल

0
17

जशपुर । जशपुर में एक साधारण चोरी की घटना अब प्रशासन और जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। आरटीओ अधिकारी के घर हुई चोरी की पड़ताल के दौरान ऐसी संपत्ति सामने आई है, जिसने पूरे सिस्टम को चौंका दिया है।

जिले में आरटीओ अधिकारी विजय निकुंज के घर हुई चोरी अब सिर्फ आपराधिक घटना नहीं रह गई है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही अधिकारी के आवास से जुड़ी करोड़ों की संपत्ति सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर प्रशासनिक महकमे तक को हैरान कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरटीओ के जशपुर स्थित आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और चार से पांच किलोग्राम सोने की चोरी हुई है। बरामदगी और पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए सोने की अनुमानित कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक है। चौंकाने वाली बात यह है कि शुरुआती शिकायत में इतनी बड़ी मात्रा में सोने का उल्लेख ही नहीं किया गया था, जो अब जांच के दायरे में है।

आय के स्रोत पर उठे सवाल

जांच का सबसे अहम पहलू यह बन गया है कि एक आरटीओ अधिकारी के पास इतनी भारी नकदी और किलो के हिसाब से सोना आखिर आया कहां से। क्या यह संपत्ति वैध आय से अर्जित है या फिर इसके पीछे कोई और कहानी है—इसकी पड़ताल अब एजेंसियों के लिए जरूरी हो गई है। सूत्रों का कहना है कि चोरी के मामले के साथ-साथ आय से अधिक संपत्ति की जांच भी शुरू हो सकती है।

भतीजी निकली मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरी वारदात की साजिश आरटीओ की 21 वर्षीय भतीजी मिनल निकुंज ने रची। वह जशपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी और अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसने घर से चरणबद्ध तरीके से चोरी शुरू की। पहले छोटी रकम निकाली गई, फिर एक साथ 15 लाख रुपये नकद और करीब चार किलो सोना सूटकेस में भरकर ले जाया गया।

ऐशो-आराम में उड़ाए चोरी के पैसे

आरोपियों ने चोरी के बाद रायपुर में एक लग्जरी विला बुक कर पार्टी की और महज दो दिनों में करीब पांच लाख रुपये खर्च कर दिए। इसके बाद रांची जाकर चोरी की रकम और सोना बेचकर मिली राशि से लगभग 25 लाख रुपये की टाटा हैरियर कार खरीदी गई। सोने के बिस्किट ओडिशा के राउरकेला में बेचने की बात भी सामने आई है।

पुलिस की कार्रवाई, बढ़ेगा जांच का दायरा

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रांची के एक होटल से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ थाना नारायणपुर में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अब जबकि चोरी से कहीं बड़ी तस्वीर—आरटीओ अधिकारी के घर मिली बेशुमार संपत्ति—सामने आ चुकी है, माना जा रहा है कि यह मामला आने वाले दिनों में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति की जांच की ओर भी बढ़ सकता है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here