25 मार्च से 10 अप्रैल तक होंगी कक्षा 1 से 11वीं की परीक्षाएं

0
18

रायपुर । प्रदेश के शासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में सत्र 2025–26 की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं की समय-सारणी जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से जारी की जाएगी।

उपसंचालक लोक शिक्षण द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में परीक्षाओं के सुचारू और पारदर्शी संचालन की पूरी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी की होगी। इसके लिए प्रत्येक जिले में संचालन समिति, प्रश्न पत्र निर्माण समिति और मॉडरेशन समिति का गठन 5 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

निर्देशानुसार कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के लिए निर्धारित ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रश्न पत्र तैयार किए जाएंगे। परीक्षा की तैयारी के तहत सैंपल प्रश्न पत्र बनाकर विद्यार्थियों को अभ्यास भी कराया जाएगा। सभी कक्षाओं का पाठ्यक्रम 28 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर रिवीजन कराया जाएगा, जबकि परियोजना कार्य की वार्षिक परीक्षा 5 मार्च 2026 तक पूरी की जाएगी।

प्रश्न पत्र निर्माण प्रक्रिया के अंतर्गत 15 फरवरी 2026 तक तीन सेट तैयार किए जाएंगे। 20 फरवरी तक मॉडरेशन कार्य पूरा होगा और 25 फरवरी तक प्रश्न पत्र मुद्रण के लिए भेजे जाएंगे। मुद्रक द्वारा सीलबंद लिफाफों में प्रश्न पत्र 15 मार्च 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे जाएंगे। जारी निर्देश सभी शासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होंगे।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here