आबकारी आरक्षक भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी: 200 पदों पर चयन, 43 वेटिंग लिस्ट में
रायपुर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के तहत 200 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई 2025 को किया गया था, जबकि इसका परिणाम 19 सितंबर 2025 को घोषित हुआ था।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, व्यापम से प्राप्त मेरिट सूची के आधार पर निर्धारित वर्गवार और प्रवर्गवार रिक्तियों के अनुरूप लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मापदंड परीक्षण के लिए बुलाया गया था।
सत्यापन प्रक्रिया के दौरान कई अभ्यर्थी बाहर हो गए। कुल 128 अभ्यर्थी या तो अनुपस्थित रहे या शारीरिक मानकों पर खरे नहीं उतर सके, जिसके चलते 12 मार्च 2026 को उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर करने का आदेश जारी किया गया।
इसके बाद शेष योग्य अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 200 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी की गई है। साथ ही, भविष्य में रिक्तियां उत्पन्न होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए 43 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) भी तैयार की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों की सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी अपना परिणाम छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण होने से आबकारी विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी। इससे विभागीय कार्यों में गति आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
























