‘खेलो इंडिया संवाद’ में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव, युवाओं से बोले- नशे से दूर रहें

0
7

रायपुर राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को देशभर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। देशभर के करीब 1600 स्थानों से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

रायपुर के एनआईटी में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा भी मौजूद रहीं।

प्रधानमंत्री ने खेल और युवाशक्ति को बताया विकसित भारत की ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है। खेल भारत की खेलशक्ति और युवाशक्ति को जोड़कर विकसित भारत के निर्माण का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सरकार देश में आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और प्रतिभाओं की पहचान से लेकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं के विचारों और महत्वाकांक्षाओं को देश के विकास से जोड़ने का मंच है। युवाओं के सुझावों को खेल नीति और भविष्य की योजनाओं में शामिल करने पर भी जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री साव ने युवाओं को दिलाई नशे से दूर रहने की सीख

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के पीछे कठोर परिश्रम होता है। अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने और लगातार मेहनत करने से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से असफलता से निराश न होने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

तिलक वर्मा ने बताया खेल का महत्व

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से निपटना, दबाव झेलना, टीम भावना और मानसिक स्थिरता जैसे गुण सिखाता है। खेल से फिटनेस और पोषण के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।

यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं से अपनी पहल में जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना के साथ काम करने की अपील की।

युवाओं ने साझा किए सुझाव

‘युवा संवाद’ के दौरान एनआईटी के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने खेल अधोसंरचना, खेल सुविधाओं के विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में एनआईटी के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो और माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं एनआईटी के प्राध्यापक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here