
वाहन, मकान और कन्यादान योजनाओं में 40 से 80 फीसदी अनुदान का दिया था झांसा, पुलिस ने बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की
गिरिडीह झारखंड के गिरिडीह में विभिन्न सरकारी योजनाओं में भारी अनुदान दिलाने का झांसा देकर 10 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पचंबा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ठगी का शिकार 30 से अधिक लोग हुए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक आर.के. राणा के अनुसार, आरोपियों पर वाहन, मकान निर्माण, कन्यादान समेत कई योजनाओं में 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिलाने का भरोसा देकर लोगों से रकम जमा कराने का आरोप है। कथित तौर पर लोगों से यह राशि एक संगठन के खाते में जमा कराई जाती थी।
पुलिस ने मामले में राधास्वामी संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, उनकी पत्नी, संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा, सुबोध सिंह और सुमित सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग पचंबा थाना पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों को उनके सामने लाने की मांग करते हुए हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्यूआरटी की टीम बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और कथित ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















