
कबीरधाम जिले में चिल्फी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये है। तस्करी के लिए गांजे को कंटेनर की ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। मामले में पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
NH-30 पर जांच के दौरान पकड़ा गया कंटेनर
राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव के निर्देश पर कबीरधाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस की टीम एनएच-30 पर थाना चिल्फी के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोककर जांच की। वाहन चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पूछताछ की। उसकी पहचान बलजीत सिंह, निवासी चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई।
ड्राइवर सीट के ऊपर मिला गुप्त चेंबर
संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला। इसके अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे।
पुलिस ने पैकेट बाहर निकालकर उनका वजन कराया तो उनमें कुल 4,47,445 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई है।
2.50 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती
गांजे के अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, कंटेनर की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 5 हजार रुपये है।
इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। एएनटीएफ टीम भी आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम
बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ने वाली चिल्फी पुलिस टीम की कार्रवाई की आईजी अजय यादव ने सराहना की। उन्होंने टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं तत्परता की प्रशंसा की।
















