ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत

0
17

हादसे में 30 से अधिक घायल, दो पुलिसकर्मी भी जख्मी; बैरिकेड तोड़कर मंदिर की दीवार से टकराया धान से लदा ट्रक

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इनमें से सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया।

ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक, मंदिर की दीवार ढही

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। धान से लदा ट्रक चीनौर की ओर से आ रहा था। इसी दौरान ट्रक कथित तौर पर पुलिस के बैरिकेड तोड़ते हुए अनियंत्रित हो गया और श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ मंदिर की बाहरी दीवार तथा गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस और राहत दल के साथ मिलकर घायलों तथा मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मेले के दौरान यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। श्रद्धालु बबलू ने कहा कि मेले के दौरान वाहनों की आवाजाही पर रोक रहती थी। ऐसे में ट्रक मंदिर के पास तक कैसे पहुंच गया, इसकी जांच होनी चाहिए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने ट्रक के ओवरलोड होने की बात भी कही।

स्थानीय निवासी सौरभ परिहार के अनुसार, ट्रक ढलान पर फिसलता हुआ आया और चालक उसे नियंत्रित नहीं कर पाया। उन्होंने बताया कि ट्रक को हटाने में भी करीब दो से तीन घंटे लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने जैक और अन्य साधनों की मदद से ट्रक हटाने तथा दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

दो पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान भी घायल

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव ने बताया कि ट्रक पुलिस के स्टॉपर तोड़कर मंदिर की दीवार से टकराया। इस दौरान मंदिर में प्रवेश कर रहे श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी। दुर्घटना में यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की भूमिका की भी पड़ताल जरूरी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here