
रायपुर छत्तीसगढ़ में पहली राजकीय तितली के चयन के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रदेशवासियों से ऑनलाइन मतदान के माध्यम से सुझाव मांगे हैं। नागरिक 31 अगस्त तक गूगल फॉर्म के जरिए अपनी पसंद की तितली के लिए वोट कर सकते हैं।
विशेषज्ञ समिति ने तीन तितली प्रजातियों का चयन किया है, जिनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक (Common Banded Peacock), ऑरेंज ओकलीफ (Orange Oakleaf) और स्पॉट स्वोर्डटेल (Spot Swordtail) शामिल हैं। इनका चयन पारिस्थितिक महत्व, संरक्षण मूल्य, विशिष्टता और पहचान में आसानी जैसे मानकों के आधार पर किया गया है।
जनमत और विशेषज्ञों की अनुशंसा के आधार पर राजकीय तितली के चयन का अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वन विभाग ने प्रदेशवासियों, विद्यार्थियों, प्रकृति प्रेमियों, शोधकर्ताओं और पर्यावरण से जुड़े संगठनों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

















