छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच, सीएम साय ने जताई खुशी

0
222

भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होगा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला, महिला दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश का सुझाव


रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि इससे राज्य की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए क्रिकेट संघ को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

महिला खिलाड़ियों के लिए बनेगा प्रेरणा का अवसर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबला आयोजित होना प्रदेश की खेल यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। देश और दुनिया की बेहतरीन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रदेश में खेलते देखना खासकर बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक होगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बेटियों का यह विश्वास मजबूत होगा कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश तथा देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

महिला दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश का सुझाव

मुख्यमंत्री ने भारत-जिम्बाब्वे मुकाबले को लेकर प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और खेलप्रेमियों में उत्साह बढ़ने की उम्मीद जताई। उन्होंने महिला दर्शकों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मैच में महिलाओं को निःशुल्क प्रवेश देने का सुझाव दिया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने इस सुझाव पर सहमति व्यक्त की।

साय ने कहा कि जब बेटियां अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मैदान पर आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा के साथ खेलते देखेंगी, तो उनमें भी खेलों को करियर के रूप में अपनाने का उत्साह बढ़ेगा।

खेल अधोसंरचना और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। छत्तीसगढ़ के गांवों, कस्बों और आदिवासी तथा दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। उन्हें बेहतर खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मुकाबले देखने और अनुभवी खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

महिला क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला यह मुकाबला छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे प्रदेश की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और भविष्य में अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी.एस. मूर्ति, विनय बजाज सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here