
22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोजाना शाम 5:30 बजे देख सकेंगे मुकाबले, 18 मैचों की होगी लाइव स्ट्रीमिंग; पहले दिन महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच भी
रायपुर । छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। लीग के आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर के रूप में जियोहॉटस्टार 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग करेगा। दर्शक हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में इन मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।
छह फ्रेंचाइजी के बीच होंगे मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त राज्य स्तरीय लीग बताया गया है। इसमें राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता लीग प्रारूप में आयोजित होगी, जिसमें शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 1 नवंबर 2026 को खेला जाएगा। लीग के दौरान कुल 18 मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग होगी।
ओलंपियन समेत कई दिग्गज खिलाड़ी होंगे आकर्षण
लीग में भारतीय हॉकी के कई चर्चित खिलाड़ी मार्की प्लेयर के रूप में शामिल होंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम के नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे।
महिला हॉकी को बढ़ावा देने की पहल
पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ टूर्नामेंट के पहले दिन महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल का उद्देश्य महिला हॉकी को प्रोत्साहित करना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।
राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मिलेगी पहचान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार पर सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग से लीग को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। रायपुर के मैदान पर खेलने वाले राज्य के खिलाड़ियों की प्रतिभा देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचेगी।
“चलो रे संगी हॉकी खेलबो” होगी लीग की टैगलाइन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लक्ष्य राज्य में हॉकी के माहौल को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ाना और राष्ट्रीय खेल के निरंतर विकास को प्रोत्साहित करना है। “चलो रे संगी हॉकी खेलबो” टैगलाइन के साथ लीग राज्य की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के प्रति बढ़ती रुचि को सामने लाएगी।
सभी मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से जियोहॉटस्टार पर हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में उपलब्ध होंगे।



















