डोंगरगढ़ । डोंगरगढ़ ब्लॉक के जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने डोंगरगढ़ मुख्य डाकघर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में उनके खातों में जमा राशि या तो पूरी तरह गायब है या पासबुक में दर्ज रकम से काफी कम दिखाई दे रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हेराफेरी की राशि करीब 3 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
मैनेजर का नाम आया सामने
मामले में मुख्य आरोपी के रूप में ब्रांच मैनेजर आशीष मंडावी का नाम सामने आ रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि घोटाले की जानकारी सामने आने के बाद से मैनेजर कई दिनों से लापता है। उनके गायब होने से ग्रामीणों का शक और गहरा गया है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने अपनी जमा पूंजी सुरक्षित लौटाने की गुहार लगाई। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की तैयारी की जा रही है।
























