बीएसपी से लोहा चोरी की खबरें भ्रामक और निराधार: मलकीत सिंह

0
18

ट्रक-ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने की निष्पक्ष जांच की मांग, कबाड़ी गोदाम से मिले सेल अंकित लोहे के टुकड़ों की पुलिस कर रही जांच

भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से लोहा चोरी की खबरों को भिलाई ट्रक-ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भ्रामक और निराधार बताया है। एसोसिएशन के महासचिव मलकीत सिंह उर्फ लल्लू सिंह ने कहा कि संयंत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था है। ऐसे में बिना ठोस सबूत ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन का नाम चोरी के मामले से जोड़ना गलत है।

मलकीत सिंह ने कहा कि एसोसिएशन की किसी भी गाड़ी को अब तक चोरी करते हुए या सेल का लोहा बेचते हुए पकड़े जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी संगठन को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए।

अधिकृत ट्रेडर्स के गोदाम से चोरी की जताई आशंका

पांडेय कबाड़ी के गोदाम से सेल का लोहा मिलने के मामले में मलकीत सिंह ने आशंका जताई कि अधिकृत ट्रेडर्स के गोदाम से दूसरे राज्यों में माल ले जाने वाले वाहनों के जरिए भी चोरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस पहलू की जांच की जानी चाहिए। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह इस तरह की चोरी का विरोध करता है और प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

कबाड़ी गोदाम में मिला सेल अंकित लोहा

गौरतलब है कि जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत छावनी स्थित पांडेय कबाड़ी के गोदाम में पुलिस की दबिश के दौरान बड़ी मात्रा में लोहे के कटे हुए टुकड़े और अन्य सामान मिले थे। बरामद सामग्री में रेल पटरी के ऐसे टुकड़े भी शामिल हैं, जिन पर सेल लिखा हुआ है। इस बरामदगी के बाद मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गोदाम का संचालक मौके से फरार है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बरामद सामग्री का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में गोदाम सुरेश कुमार का बताया गया है।

क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने जामुल पुलिस के साथ छावनी स्थित गोदाम में दबिश दी थी। वहां बड़ी मात्रा में लोहा मिला, जिसमें रेल पटरी के कटे हुए टुकड़े भी शामिल हैं। बरामद सामग्री का वीडियो तैयार किया गया है, ताकि जांच के दौरान सामान की पहचान और मिलान किया जा सके।

बीएसपी प्रबंधन ने चोरी की खबरों पर उठाए सवाल

बीएसपी के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, संयंत्र के उत्पादन में हर महीने वृद्धि हो रही है और बीएसपी मुनाफा भी कमा रहा है। उन्होंने बताया कि संयंत्र में सीआईएसएफ के जवान 24 घंटे सुरक्षा में तैनात रहते हैं और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।

फिलहाल, कबाड़ी गोदाम से बरामद लोहे के स्रोत और उसके संयंत्र से संबंध को लेकर पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here