रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के 4082 मामलों में कार्रवाई, 2597 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित

0
13

यातायात पुलिस कमिश्नरेट की वर्ष 2026 में लगातार कार्रवाई; नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती जारी, लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस कमिश्नरेट लगातार कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 4082 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से 2597 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और आम नागरिकों के जीवन की रक्षा के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से न केवल चालक, बल्कि यात्रियों और पैदल चलने वाले लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

सभी 2597 चालकों के लाइसेंस निलंबित

पुलिस के मुताबिक, नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 2597 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को प्रकरण भेजे गए थे। परिवहन विभाग ने इन सभी मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित चालकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

यातायात पुलिस अब केवल मौके पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमों के अनुसार लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित कर रही है। इसका उद्देश्य नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है।

वाहन चालकों से की अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

पुलिस ने लोगों से अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को भी नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

पुलिस का संदेश है कि शराब पीकर वाहन चलाना चालक के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकता है। जिम्मेदार वाहन चालक बनें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here