रायपुर में नकबजनी का चंद घंटों में खुलासा, 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद

0
4

रायपुर। आमानाका थाना पुलिस ने आजाद नगर के सरोना इलाके में हुई नकबजनी की वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने किए पार

पुलिस के मुताबिक, सरोना आजाद नगर निवासी महिला ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 18 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे घर में ताला लगाकर अपनी मां के साथ भानुप्रतापपुर स्थित गांव गई थी। अगले दिन 19 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे जब वह वापस लौटी, तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे में रखी अलमारी का लॉक और उसके अंदर बना लॉकर भी टूटा हुआ था।

जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो सोने के लॉकेट, सोने की दो चूड़ियां, सोने की नथ और कान की बालियां सहित चांदी के पायल और चांदी का रुपये वाला हार शामिल था। महिला ने चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई।

पीछे की दीवार से घर में घुसने की आशंका

शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और आभूषण चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 355/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(a) में मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया, अतिरिक्त डीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर ने पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शिकायतकर्ता समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने चोरी की वारदात स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद आभूषणों को जब्त कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here