श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो विमान

0
121

नवी मुंबई से पहुंची फ्लाइट 6E 225 के अगले हिस्से में नुकसान, करीब 200 यात्री और क्रू थे सवार


श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह पार्किंग के दौरान इंडिगो का एक विमान पोल से टकरा गया। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) को बे नंबर 6 पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान का अगला हिस्सा एयरपोर्ट परिसर में लगे एक पोल से जा टकराया।

टक्कर के बाद विमान के फ्रंट हिस्से को नुकसान पहुंचा। घटना के समय विमान में करीब 200 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।

मैनुअल सीढ़ियों से उतारे गए यात्री

हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। यात्रियों को उतारने के लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। जिस पोल से विमान की टक्कर हुई, वह Visual Docking Guidance System (VDGS) का हिस्सा बताया गया है। यह सिस्टम विमानों को पार्किंग बे में सही स्थिति में पहुंचाने में मदद करता है।

टक्कर की वजह का पता लगाने जांच शुरू

विमान के पोल से टकराने की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित स्तर पर जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य है और उड़ानों का परिचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here