
कोरबा के मनी राम ने बताया अपना अनुभव, अब शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने और समय-पैसे खर्च होने की परेशानी से मिली निजात
कोरबा । बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने में अब ग्रामीणों को पहले की तरह शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सेवा सेतु के माध्यम से आवश्यक शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है। इससे नागरिक अपने क्षेत्र में ही आवेदन कर समय और धन की बचत कर पा रहे हैं।
तीन दिन में जारी हुए दोनों बच्चों के प्रमाण पत्र
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम कोरबी निवासी मनी राम को भी इस सुविधा का लाभ मिला। उन्हें अपनी पुत्री सती कुमारी और पुत्र सत्य नारायण के आय प्रमाण पत्र बनवाने थे। इसके लिए उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम सुतर्रा स्थित अशोक ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन के तीन दिन के भीतर ही दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र जारी हो गए।
इससे मनी राम को अनावश्यक भागदौड़ और शासकीय कार्यालयों में बार-बार जाने की परेशानी से राहत मिली।
समय और धन की हुई बचत
अपना अनुभव साझा करते हुए मनी राम ने बताया कि पहले बच्चों के जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे आने-जाने में समय लगता था और पैसे भी खर्च होते थे। इस बार उन्होंने सुतर्रा के अशोक ऑनलाइन सेंटर से आवेदन किया और केवल तीन दिन में दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र बन गए।
उन्होंने कहा कि अब उन्हें इस काम के लिए बार-बार कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे समय और धन की बचत हुई और काम भी आसानी से पूरा हो गया।
ग्रामीणों के लिए शासकीय सेवाएं हुईं आसान
मनी राम के अनुसार, सेवा सेतु जैसी सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए शासकीय सेवाओं का लाभ लेना सरल हुआ है। जरूरी दस्तावेजों के लिए आवेदन करने में कम परेशानी होती है, जिससे परिवार के अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी समय मिल पाता है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
इस सुविधा के लिए मनी राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से उनके जैसे ग्रामीण परिवारों को काफी सुविधा मिल रही है। दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र तीन दिन में जारी होने से उन्हें राहत मिली है। उन्होंने कहा कि आम लोगों का समय और धन बचाने वाली इस व्यवस्था से जरूरी काम पहले की तुलना में अधिक आसानी से हो रहे हैं।


















