
रायपुर सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने हीरापुर रिंग रोड और सर्विस रोड पर विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़े 20 ट्रक और ट्रेलरों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने बताया कि मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होता है, दृश्यता प्रभावित होती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालकों और वाहन मालिकों को अंतिम चेतावनी देते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क और सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग न करें तथा सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


















