1000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी में रायपुर का कारोबारी गिरफ्तार

0
325

दिल्ली से पकड़ा गया महेंद्र गोयनका, पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई पुलिस


रायपुर करीब 1000 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता पुलिस ने रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को दिल्ली की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाया गया, जहां उससे मामले में पूछताछ की जा रही है।

फर्जी दस्तावेजों से कंपनियों पर कब्जे का आरोप

पुलिस के अनुसार, महेंद्र गोयनका पर मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार से जुड़ी कंपनियों में फर्जी दस्तावेज और कथित जाली हस्ताक्षरों के जरिए कंपनी का नियंत्रण और करोड़ों रुपये की संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप है। इस मामले में शिकायतकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में भी शिकायत दर्ज कराई थी।

प्रबंधकीय पद पर रहते हुए अनियमितता का आरोप

शिकायत के मुताबिक, महेंद्र गोयनका ने यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंधकीय पद पर रहते हुए अपनी पत्नी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि कंपनी के दो निदेशकों को हटाकर उनकी जगह चार नए निदेशकों की नियुक्ति कराई गई और वित्तीय लेन-देन में अनियमितता की गई।

2024 से दर्ज है मामला

इस मामले में वर्ष 2024 में कोलकाता में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वहीं मध्यप्रदेश में भी शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई थी।

जांच जारी

कोलकाता पुलिस को सूचना मिली थी कि महेंद्र गोयनका दिल्ली में मौजूद है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस कथित वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी दस्तावेजों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here