रायपुर में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

0
114

रायपुर में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

 

रायपुर  राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला सहित दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मूलतः भोपाल (मध्यप्रदेश) के निवासी हैं और उड़ीसा से गांजा लाकर गुजरात के अहमदाबाद में सप्लाई करने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 5.260 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 2 लाख 63 हजार रुपये आंकी गई है।

इस पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा की जा रही थी। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष रूप से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया गया है, जो सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक की पूरी चेन पर नजर रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

20 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्र के राजपूताना होटल के सामने एक महिला और एक पुरुष अपने पास बैग में गांजा रखे हुए हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कैलाश कुशवाहा (40 वर्ष) और पूजा पटेल (30 वर्ष) निवासी भोपाल बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में धारा 20B नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिसमें उनके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर जांच की जा रही है, ताकि इस पूरे तस्करी नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। आने वाले दिनों में इस प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की संभावना है।

रायपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here