
नासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई। मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिंडोरी के इंदोरे गांव के रहने वाले दरगुड़े परिवार के सदस्य किसी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे अंधेरा अधिक होने के कारण चालक को सड़क किनारे मौजूद कुआं दिखाई नहीं दिया और कार अनियंत्रित होकर सीधे उसमें जा गिरी। कुएं में पानी भरा होने के कारण सभी लोग बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डिंडोरी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस निरीक्षक भगवान माथुरे ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में हाइड्रोलिक क्रेन और स्थानीय तैराकों की मदद ली गई। अंधेरा और कुएं की अधिक गहराई के चलते करीब दो घंटे तक बचाव कार्य चला। इसके बाद वाहन और सभी शवों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों में सुनील, रेशमा, आशा, खुशी, माधुरी, श्रेयस, राखी, श्रावणी और समृद्धि दरगुड़े शामिल हैं।
इस दुखद घटना पर देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटनास्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। स्थानीय लोगों ने भी खुले कुएं के आसपास चेतावनी संकेत और सुरक्षा बैरियर नहीं होने पर नाराजगी जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















