रायपुर । आगामी वीवीआईपी/वीआईपी दौरे और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने रायपुर पुलिस ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शहरभर के 256 से अधिक चाकूबाजों और आपराधिक तत्वों को थानों और सी-04 भवन के पास तलब कर उनकी परेड ली गई।
अभियान रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
250 से अधिक चाकूबाज थाना हाजिर
रायपुर के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित चाकूबाजों और बदमाशों को बुलाकर उनकी मौजूदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी कि आगे किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
96 बदमाशों के विरुद्ध सीधी कार्रवाई
अभियान के दौरान 9 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट, और 87 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 96 अपराधियों के विरुद्ध वैधानिक कदम उठाए गए।
पुलिस की सख्त चेतावनी और समझाइश
परेड के दौरान अधिकारियों ने बदमाशों से कहा कि वे अपराध छोड़कर शांतिपूर्वक जीवनयापन करें और जब भी पुलिस बुलाए, तत्काल उपस्थित हों। उन्हें क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की गई।
सुरक्षा को प्राथमिकता
अगले कुछ दिनों में वीवीआईपी मूवमेंट और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने के कारण पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर में किसी भी प्रकार की आपराधिक हरकत या हथियारबाजी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रायपुर पुलिस का यह अभियान शहर में अपराध पर नकेल कसने और आगामी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।























