सिखों के प्रथम गुरु और सिख पंथ के संस्थापक गुरुनानक देवजी की जयंती आज छत्तीसगढ़ सहित देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। गुरुनानक का जन्म नानकशाही कैलेंडर में कार्तिक माह की पूर्णिमा के दिन हुआ था। इस मौके पर राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में नगर-कीर्तन निकाला गया। मुख्य कार्यक्रम रायपुर के पंडरी रोड स्थित खालसा स्कूल में हुआ, जहां शबद-कीर्तन और संगत किया गया। इस मौके पर दिनभर गुरूद्वारे में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।वहीं, आज कार्तिक पूर्णिमा भी है। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने नदियों में पवित्र स्नान कर भगवान शिव की आराधना की। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मेले भी लगाए गए हैं। रायपुर के महादेवघाट स्थित खारून नदी के तट पर पुन्नी मेले का आयोजन किया जा रहा है। सुबह से ही महादेवघाट में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। यहां के प्राचीन हटकेश्वरनाथ शिव मंदिर में भगवान के अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
























