दुर्ग । दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम हीरेतरा में बड़ा हादसा हो गया। कच्चे मकान की दीवार ढहने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे हुआ हादसा
ग्राम हीरेतरा निवासी गुरुदेव चंदेल अपने नए मकान की नींव खुदवा रहे थे। इसके लिए चार मजदूर कमल नारायण ठाकुर (25), ईश्वरी गायकवाड़ (35), पोषण डांगे और दुर्गेश ठाकुर को बुलाया गया था। सुबह करीब 9 बजे मजदूरों ने नींव की खुदाई शुरू की। नींव के ठीक पास ही कच्ची मिट्टी से बना पुराना मकान था, जिसकी दीवार कमजोर हो चुकी थी।
करीब एक घंटे बाद मजदूर जैसे ही 2–3 फीट गहराई तक पहुंचे, पुरानी कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। उसमें कमल नारायण ठाकुर और ईश्वरी गायकवाड़ दब गए। बाकी दो मजदूर थोड़ी दूरी पर होने के कारण बाल–बाल बच गए।
इलाज के दौरान एक और मौत
दीवार गिरते ही आसपास के लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन कमल नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ईश्वरी गायकवाड़ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि जिस डॉक्टर के घर में मजदूर काम कर रहे थे, वह घटना स्थल पर नहीं पहुंचा और न ही उसने परिवार से संपर्क किया। परिजन इसे गंभीर लापरवाही बता रहे हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
























