जांजगीर-चांपा में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, गांव में फैली दहशत

0
491

जांजगीर-चांपा में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, गांव में फैली दहशत

जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवंतरा गांव में दो महिलाओं और दो पुरुषों के शव खून से सने हालात में मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

मृतकों की पहचान पीताम्बर कश्यप, मेदनी प्रसाद कश्यप, कुमारी मोगरा और शांति बाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चारों की हत्या देर रात उस समय की गई, जब वे निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, परिवार का नया मकान बन रहा था और इसी वजह से सभी लोग निर्माण स्थल पर ही खाट लगाकर रात में सोए हुए थे। सुबह जब मिस्त्री काम के लिए वहां पहुंचा तो उसने चारों को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना तुरंत सरपंच और पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चारों शव खाटों पर पड़े थे और आसपास खून फैला हुआ था। पुलिस को शक है कि हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। हमले की आशंका इतनी अचानक मानी जा रही है कि मृतकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घटना की खबर फैलते ही भवंतरा गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई ग्रामीण इस वारदात को पुरानी रंजिश या संपत्ति विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, एक पड़ोसी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है, जिससे लगातार पूछताछ चल रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here