
मुंबई भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी टी-20 दौरों तथा 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। श्रेयस अय्यर को टी-20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
टीम चयन की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर रही, जिन्हें पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वैभव को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियाई खेलों के लिए घोषित तीनों टीमों में जगह मिली है।
सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर
बीसीसीआई ने अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल नहीं किया है। हालिया खराब फॉर्म को इसके पीछे प्रमुख कारण माना जा रहा है। वहीं तेज गेंदबाज हर्षित राणा की टीम में वापसी हुई है।
भविष्य की तैयारी पर फोकस
बताया जा रहा है कि चयन समिति ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और 2028 टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को अवसर देने और नई टीम तैयार करने की दिशा में यह फैसला लिया है।
आईपीएल प्रदर्शन का मिला इनाम
श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 498 रन बनाए थे। उनके नेतृत्व और बल्लेबाजी को देखते हुए उन्हें टी-20 टीम की कमान सौंपी गई है। वे भारतीय पुरुष टी-20 टीम के इतिहास के 15वें कप्तान बने हैं।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे का कार्यक्रम
भारत 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेलेगा। इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगा। वहीं एशियाई खेलों का क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा।



















