
मुंबई राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दि’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महज दो दिनों में दुनियाभर में 181.8 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और यह साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो गई है।
फिल्म में राम चरण, जाह्नवी कपूर और जगपति बाबू मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। लंबे समय से चर्चा में रही इस फिल्म ने रिलीज के बाद सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ जुटाई है। खासकर हिंदी संस्करण की कमाई में दूसरे दिन उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राम चरण के अभिनय की हो रही सराहना
फिल्म में राम चरण के नए लुक और दमदार अभिनय की दर्शक और समीक्षक दोनों ही सराहना कर रहे हैं। ‘आरआरआर’ के बाद यह राम चरण के करियर की दूसरी फिल्म बन गई है, जिसने ओपनिंग के दौरान 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
वीकेंड में बढ़ सकती है कमाई
ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि सकारात्मक प्रतिक्रिया और वीकेंड का लाभ मिलने से फिल्म आने वाले दिनों में और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है। कई शहरों में फिल्म के शो हाउसफुल चल रहे हैं।
दमदार स्टारकास्ट और तकनीकी टीम
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शिवा राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जिसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।



















