
मुंबई बॉलीवुड में कई ऐसी सुपरहिट फिल्में बनी हैं, जिनकी कहानियां लोकप्रिय नाटकों और साहित्यिक रचनाओं से प्रेरित रही हैं। विलियम शेक्सपियर के कालजयी नाटकों से लेकर गुजराती रंगमंच की चर्चित कृतियों तक, इन कहानियों ने बड़े पर्दे पर नई पहचान बनाई और दर्शकों का दिल जीता।
‘हम दिल दे चुके सनम’ से लेकर ‘हैदर’ और ‘ओमकारा’ जैसी फिल्मों ने यह साबित किया कि अच्छी कहानियां समय, भाषा और संस्कृति की सीमाओं से परे जाकर भी लोगों से जुड़ सकती हैं।
इन फिल्मों में ‘हम दिल दे चुके सनम’ गुजराती साहित्य की प्रसिद्ध रचना शेतल ने काठे से प्रेरित थी, जबकि ‘मकबूल’, ‘ओमकारा’ और ‘हैदर’ जैसी फिल्मों में शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटकों मैकबेथ, ओथेलो और हैमलेट को भारतीय परिवेश में नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया।
वहीं ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ ने रोमियो और जूलियट की प्रेम कहानी को भारतीय रंग में ढाला, जबकि ‘अंगूर’ शेक्सपियर के द कॉमेडी ऑफ एरर्स पर आधारित एक यादगार कॉमेडी फिल्म बनी। ‘ओह माय गॉड!’ भी लोकप्रिय गुजराती नाटक कांजी विरुद्ध कांजी से प्रेरित थी।
इन फिल्मों की सफलता दर्शाती है कि रंगमंच और साहित्य आज भी भारतीय सिनेमा के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बने हुए हैं।



















