
आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म में फिर साथ आए सनी देओल और राजकुमार संतोषी, 14 अगस्त को होगी रिलीज
मुंबई। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का नया टीजर रिलीज कर दिया गया है। मोशन पोस्टर और कैरेक्टर पोस्टर्स के बाद सामने आए इस टीजर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। टीजर में सनी देओल एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं, जो बंटवारे के दौर में अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हर मुश्किल का सामना करता है।
बंटवारे की त्रासदी की झलक
नए टीजर में 1947 के विभाजन के दौरान फैली हिंसा, संघर्ष और मानवीय पीड़ा की झलक दिखाई गई है। कहानी एक ऐसे नायक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो नफरत और मुश्किल हालात के बीच अपने परिवार को बचाने के लिए डटकर खड़ा रहता है।
दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म
फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



















