
ओरिएंटल इस्पात फैक्ट्री में काम के दौरान हादसा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित टेडेसरा इंडस्ट्रियल एरिया की ओरिएंटल इस्पात फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में मजदूरों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
काम के दौरान करंट की चपेट में आया मजदूर
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय पौराणिक विश्वकर्मा फैक्ट्री में कार्यरत था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे काम के दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। सहकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे को लेकर प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूर और ग्रामीण फैक्ट्री परिसर में एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और बीमा राशि देने की मांग की।
प्रबंधन ने बीमा राशि देने का दिया आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मैनेजर ने नियमानुसार बीमा राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, लेकिन अतिरिक्त मुआवजे की मांग पर कोई सहमति नहीं बन सकी।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय तक फैक्ट्री परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।



















