
जगदलपुर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग बस्तर द्वारा “स्वच्छ एवं स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत मलेरिया मुक्त बस्तर के लक्ष्य को लेकर जिलेभर में मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
घर-घर सर्वे कर हो रही मरीजों की पहचान
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सर्वे कर संभावित मरीजों की पहचान कर रही हैं। बुखार से पीड़ित लोगों की जांच के साथ आवश्यकतानुसार मलेरिया और डेंगू की स्क्रीनिंग भी की जा रही है।
लार्वा सर्वे, फॉगिंग और दवा छिड़काव पर जोर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा सर्वे, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का नष्टिकरण, फॉगिंग और आवश्यक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
लोगों को किया जा रहा जागरूक
स्वास्थ्य कर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, नियमित रूप से मच्छरदानी के उपयोग तथा बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच और उपचार कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
विभागों के समन्वय से चल रहा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से स्वच्छता गतिविधियां भी लगातार संचालित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त कर मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने तथा बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता से ही मलेरिया मुक्त और स्वस्थ बस्तर के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है।















