
भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे लॉन्च, आईसीएआर के वैज्ञानिकों ने H5N1 वायरस के क्लेड स्वरूप के खिलाफ विकसित की वैक्सीन
भोपाल । मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए भारत में विकसित पहली स्वदेशी वैक्सीन आज देश को समर्पित की जाएगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में इस वैक्सीन का शुभारंभ करेंगे। संस्थान के वैज्ञानिकों ने इसे H5N1 वायरस के क्लेड स्वरूप के खिलाफ विकसित किया है।
पोल्ट्री किसानों को आर्थिक नुकसान से मिलेगी राहत
भोपाल के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित इस स्वदेशी वैक्सीन से बर्ड फ्लू के संक्रमण पर नियंत्रण पाने और उसके फैलाव को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके प्रभावी उपयोग से पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान में भी कमी आ सकती है।
कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव तथा विभिन्न संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
पक्षियों के लिए गंभीर बीमारी है बर्ड फ्लू
बर्ड फ्लू मुर्गियों और अन्य पक्षियों में फैलने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी है। संक्रमण के कारण बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमण रोकने के लिए प्रभावित पक्षियों को मारना पड़ता है। इसके अलावा कारोबार पर प्रतिबंध लगने से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
भारत में 2006 से अब तक H5N1 और H5N8 के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।
इंसानों तक भी पहुंच सकता है संक्रमण
बर्ड फ्लू का खतरा केवल पक्षियों तक सीमित नहीं है। इसका संक्रमण अन्य जानवरों और इंसानों तक भी पहुंच सकता है। इसलिए पोल्ट्री क्षेत्र में समय रहते बचाव और नियंत्रण के उपाय करना जरूरी है।
खास बात यह है कि H5N1 के संबंधित क्लेड स्वरूप के खिलाफ अब तक विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा विकसित स्वदेशी वैक्सीन को बर्ड फ्लू नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।















