
स्काउटिंग में उत्कृष्ट योगदान के लिए 42 पदाधिकारी और सदस्य सम्मानित, युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवाभाव विकसित करने पर दिया गया जोर
रायपुर । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से गुरुवार को राजधानी के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार, संगठन को मजबूत बनाने और प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान स्काउटिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 42 पदाधिकारियों एवं सदस्यों को विभिन्न अलंकरणों से सम्मानित किया गया।
युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में स्काउटिंग की अहम भूमिका
कार्यक्रम के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स विद्यार्थियों और युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवाभाव विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्काउटिंग गतिविधियां बच्चों और युवाओं को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं।
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज सेवा की प्रेरणा देने वाला सशक्त आंदोलन है। प्रदेश के विद्यालयों में स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को और अधिक व्यापक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
संगठन के विस्तार और प्रशिक्षण पर हुआ मंथन
सेमिनार में स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने और सामाजिक सेवा के कार्यों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
42 सदस्यों को विभिन्न अलंकरणों से नवाजा
सम्मान समारोह में कुल 42 पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें एक अधिकारी को एलटी (लीडर ट्रेनर), पांच अधिकारियों को एएलटी 2025 और दो अधिकारियों को एएलटी 2026 सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, तीन सदस्यों को एचडब्ल्यूबी सम्मान, 28 सदस्यों को दीर्घकालीन सेवा अलंकरण और तीन अधिकारियों को थैंक बैज दिया गया।
कई पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के निदेशक अमर बी. छेत्री, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा और मध्यप्रदेश के राज्य आयुक्त स्काउट्स एवं गाइड्स अशोक अरगल ने भी अपने विचार रखे।
समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्रदेशभर से आए स्काउटर-गाइडर, रोवर-रेंजर और स्काउटिंग संगठन से जुड़े सदस्यों सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

















