
नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर महिलाओं और पुरुषों के लिए हुई विभिन्न खेल स्पर्धाएं, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
जशपुरनगर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, जशपुर द्वारा 100 सप्ताह के नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान के नौवें सप्ताह के तहत बीटीआई ग्राउंड में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जशपुर नगर और मनोरा विकासखंड के युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
खेलों के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करना और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़ और डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) की व्यक्तिगत स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वहीं, पुरुषों के लिए 400 मीटर दौड़ और शॉट पुट (गोला फेंक) प्रतियोगिता रखी गई। सामूहिक स्पर्धाओं में महिलाओं के लिए रस्साकशी और पुरुषों के लिए कबड्डी का आयोजन किया गया।
युवाओं में बढ़ाया खेल भावना और अनुशासन
जशपुर नगर और मनोरा विकासखंड के युवाओं ने सभी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेल गतिविधियों के जरिए शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया गया। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
मेरा युवा भारत, जशपुर की ओर से युवाओं से खेल, शिक्षा और रचनात्मक सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के 100 सप्ताह के नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल के रूप में आयोजित किया गया।


















