
ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में सुबह करीब 10 बजे हुआ हादसा, मलबे में दबे सभी छह लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार थाना क्षेत्र स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक दोमंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दोमंजिला मकान ढह गया। मलबे में छह लोगों के फंसे होने की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में तीन वर्षीय लड्डू उर्फ देवांश और 35 वर्षीय पिंटू की मौत हो गई। वहीं, खुशबू (27), विकेश (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) घायल हुए हैं। सभी घायलों को डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। मकान में रहने वाले सभी लोग किरायेदार थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मकान काफी पुराना था और समय के साथ उसकी निर्माण सामग्री कमजोर हो गई थी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय मकान में निर्माण या मरम्मत का कोई काम नहीं चल रहा था।
चावड़ी बाजार हादसे में सात लोगों की गई थी जान
इससे पहले 5 नवंबर को पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गली सितारा के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई थी। हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा और नगर निगम की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया था।
पुलिस ने इमारत के मालिक सैमउल्लाह उर्फ अयूब को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा फरीदाबाद के सिरोही गांव से तीन ठेकेदारों को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, इमारत में कथित तौर पर अवैध तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा था और संरचना असुरक्षित थी। हादसे के बाद नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया था। ठेकेदार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी।
सत्य निकेतन हादसे में भी सात लोगों की हुई थी मौत
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। इस हादसे में सात लोगों की जान चली गई थी। इमारत में छात्रों के लिए पीजी हॉस्टल संचालित किया जा रहा था। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला था।
लगातार सामने आ रहे इमारत ढहने के मामले
राजधानी में पिछले कुछ महीनों के दौरान इमारतों के ढहने की कई घटनाएं सामने आई हैं। 7 अक्टूबर को सीमापुरी इलाके में एक बहुमंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से चार लोगों की मौत हुई थी।
वहीं, 25 अक्टूबर को हर्ष विहार के मिलान गार्डन में एक निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। बताया गया था कि अतिरिक्त लिंटेल या मंजिल बनाने की कोशिश के दौरान निचला स्लैब धंस गया। इस हादसे में 60 वर्षीय चंद्रपाल और उनके 33 वर्षीय बेटे विजय कुमार की मौत हो गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी में पुरानी और निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा, निर्माण मानकों के पालन और अवैध निर्माण पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

















