
19 से 28 नवंबर तक होगी एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026, खेल मंत्री विश्वास सारंग और ओलंपियन विवेक सागर सहित हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा
आगामी 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में आयोजित होने जा रही एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के इस प्रतिष्ठित आयोजन के स्वागत में रविवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में भव्य हॉकी वॉकथॉन निकाली गई।
होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक आयोजित इस वॉकथॉन में ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर सहित कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
हाथों में हॉकी स्टिक लेकर सड़कों पर उतरे युवा
वॉकथॉन का सबसे आकर्षक नजारा तब देखने को मिला, जब हजारों युवा हाथों में हॉकी स्टिक लेकर सड़कों पर उतरे। मंत्री विश्वास सारंग और खिलाड़ियों ने भी हॉकी स्टिक के साथ सड़क पर हॉकी खेलकर लोगों को इस खेल से जुड़ने और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के प्रति जागरूक किया।
सड़क पर हॉकी खेलते खिलाड़ियों और युवाओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को खेल उत्सव में बदल दिया। वॉकथॉन में शहर के खिलाड़ियों, प्रबुद्धजनों, व्यापारियों, फिटनेस प्रेमियों, युवाओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भोपाल और हॉकी का पुराना नाता : विश्वास सारंग
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भोपाल और हॉकी का पुराना और गौरवशाली संबंध रहा है। शहर ने देश को कई प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। हॉकी भोपाल की खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है।
उन्होंने कहा कि एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। वॉकथॉन के माध्यम से शहरवासियों को इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से जोड़ने और भोपाल को हॉकी के उत्सव में सहभागी बनाने का संदेश दिया गया।


















