

खमतराई के शिवानंद नगर स्थित मकान को बनाया था निशाना, एंटी क्राइम और साइबर यूनिट व खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर । राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित शिवानंद नगर की अंजनी विहार कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहन ताम्रकार (20) के रूप में हुई है, जो गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
परिवार के साथ गांव गया था मकान मालिक
पुलिस के अनुसार, शिवानंद नगर निवासी शिव निर्मलकर ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2026 को वह अपने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ गृहग्राम गया था। 12 नवंबर को वापस लौटने पर घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था।
जांच में पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और कमरे में रखा अन्य सामान गायब था। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1207/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई संदिग्ध की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई।
संदिग्ध हालत में घटनास्थल के आसपास देखा गया था आरोप
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जानकारी मिली कि गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना वाले दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी शुरुआत में चोरी में शामिल होने से इनकार करता रहा। हालांकि, पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक मामले
पुलिस ने आरोपी रोहन ताम्रकार, पिता संतोष ताम्रकार, निवासी नहरपारा, शिव नगर, दीक्षा स्कूल के आगे पानी टंकी के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में वह पहले जेल भी जा चुका है।















