
मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने दागे गोल, मौजूदा चैंपियन भारत का विजय अभियान जारी; आज थाईलैंड से होगा मुकाबला
नई दिल्ली । महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। मौजूदा चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारतीय टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी थी।
मुमताज और सुनेलिता ने दागे गोल
मुकाबले के पहले हाफ के अंतिम पलों में मुमताज खान ने शानदार मैदानी गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद तीसरे क्वार्टर की शुरुआत के चार मिनट बाद सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
आखिरी मिनटों में दक्षिण कोरिया की यंगयून होंग ने 56वें मिनट में गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त कायम रखी। इस तरह भारत ने मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।
आज थाईलैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम
दक्षिण कोरिया के खिलाफ जीत के साथ ही भारतीय टीम ने राउंड रॉबिन चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला आज थाईलैंड से होगा। टीम की कोशिश जीत की लय बरकरार रखते हुए लगातार तीसरी सफलता हासिल करने की होगी।














