रेलवे स्टेशन से संजय गांधी चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, यातायात हुआ सुगम

0
13

रायपुर राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सोमवार को रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक से संजय गांधी चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए हाथ ठेले, गुमटियां और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही, उन व्यापारियों पर भी कार्रवाई की गई जिन्होंने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ताओं को सार्वजनिक मार्गों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अभियान के बाद रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक और संजय गांधी चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित दिखाई दी। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की।

यातायात पुलिस ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here