जमीन विवाद में शिक्षक की हत्या के बाद बलरामपुर में तनाव, आरोपियों के घर में लगाई आग

0
13


बलरामपुर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में जमीन विवाद को लेकर एक शिक्षक की हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के प्रयास के साथ पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से स्कूल जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उनके दो चचेरे भाइयों बृजमोहन और हरिमोहन ने उन पर चाकू और हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में गर्दन पर गंभीर चोट लगने से शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इस मामले में गांव में बैठक भी हुई थी। पुलिस हत्या के पीछे इसी विवाद को प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के आरोपियों की तलाश और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है, जबकि गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here