
रायपुर रायपुर पुलिस ने 6 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी और हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के प्रयास सहित दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना खमतराई के वर्ष 2020 के हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा से जुड़े मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी था।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी का पता लगाकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि संजय रक्सेल थाना मौदहापारा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, चोरी, नकबजनी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।



















