
धमतरीजिले के युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI), जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार ‘मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल’ ट्रेड शुरू किया गया है। यह संस्थान का पहला प्रशिक्षण सत्र भी है।
दो वर्षीय पाठ्यक्रम में आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग
‘मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल’ दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहनों की तकनीक के साथ बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस जैसी तकनीकों का व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह ट्रेड फिलहाल छत्तीसगढ़ के चुनिंदा पांच शासकीय ITI में संचालित है। ऐसे में जीजामगांव ITI में इसकी शुरुआत जिले के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
रोजगार के साथ स्वरोजगार की भी संभावनाएं
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल के साथ प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग भी बढ़ने की संभावना है। प्रशिक्षण प्राप्त युवा अधिकृत सर्विस सेंटर, ई-व्हीकल कंपनियों, चार्जिंग स्टेशन और बैटरी से जुड़ी सेवा इकाइयों में रोजगार हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा वे अपना सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा शुरू कर स्वरोजगार भी कर सकते हैं।
ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू
ITI में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए शासकीय ITI कुरूद से संपर्क किया जा सकता है।
शासकीय ITI कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए इस नए ट्रेड में प्रवेश का लाभ उठाएं।
जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास कार्य भी किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले में 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की थी, जिसमें जीजामगांव में नवीन ITI की स्थापना भी शामिल थी।

















