रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा, ग्राहकों और कर्मचारियों के रिकॉर्ड खंगाले

0
99

रायपुर राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों की गतिविधियों और नियमों के पालन की जांच के लिए पुलिस ने शनिवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की 15 टीमों ने एक साथ 30 स्पा सेंटरों की जांच की। अभियान में राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

15 टीमों ने एक साथ की जांच

पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में कार्रवाई की गई।

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में पहुंचकर संचालकों, मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही सेंटर से जुड़े जरूरी दस्तावेजों और रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया।

पुलिस के अचानक हुए इस अभियान से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के मुताबिक, जांच का उद्देश्य स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली किसी भी प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि पर रोक लगाना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

ग्राहकों और कर्मचारियों के रिकॉर्ड की जांच

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राहकों के रजिस्टर, स्टाफ रजिस्टर और कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। सेंटरों में लगे CCTV कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा संचालकों, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति जांची गई। कर्मचारियों की उम्र से संबंधित दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी सत्यापित किए गए।

लीज और स्वामित्व के दस्तावेज भी खंगाले

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के लीज, किराया और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियों और अन्य अभिलेखों को भी देखा गया।

इसके साथ ही सेंटर के परिसर में संचालित गतिविधियों का निरीक्षण कर यह पता लगाया गया कि वहां निर्धारित नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।

दो सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने इन मामलों में संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में सामने आई अन्य अनियमितताओं के आधार पर भी संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगी निगरानी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच केवल एक दिन के अभियान तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले दिनों में भी सेंटरों का निरीक्षण, दस्तावेजों का सत्यापन और वहां संचालित गतिविधियों की जांच की जाएगी।

पुलिस ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर संबंधित संचालक, मैनेजर या कर्मचारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here