BSP में अधिकारी-कर्मचारी के बीच मारपीट, ड्यूटी के दौरान विवाद के बाद कामकाज ठप

0
104

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में ड्यूटी के दौरान एक अधिकारी और कर्मचारी के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। कथित हाथापाई में कर्मचारी के शरीर से खून निकलने की बात सामने आई है। घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने कामकाज रोककर विरोध शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए सीआईएसएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है।

घटना के बाद संबंधित विभाग में तनाव का माहौल बना हुआ है। कर्मचारी एकजुट होकर घटना का विरोध कर रहे हैं, जबकि ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने भी मामले को लेकर नाराजगी जताई है। हालांकि, अब दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।

फोन पर शुरू हुई कहासुनी

जानकारी के मुताबिक, आरएमपी-3 में ऑपरेशन से जुड़े सीनियर मैनेजर राहुल गुप्ता बीती रात ड्यूटी पर थे। इसी दौरान इलेक्ट्रिकल समस्या आने पर उन्होंने फोन किया। फोन कर्मचारी हराधन मंडल ने रिसीव किया।

बताया जा रहा है कि राहुल गुप्ता ने तत्काल एक कर्मचारी को मौके पर भेजने के लिए कहा। इस पर हराधन मंडल ने बताया कि फिलहाल कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं है और एक कर्मचारी साइट पर गया हुआ है। उसके वापस लौटने के बाद कर्मचारी भेजने की बात कही गई।

इसी बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला कथित तौर पर गाली-गलौज तक पहुंच गया। इसके बाद हराधन मंडल ने फोन काट दिया।

कमरे में पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद

आरोप है कि फोन कटने के बाद राहुल गुप्ता अपने एक साथी के साथ रूम नंबर-11 पहुंचे। वहां उन्होंने हराधन मंडल के बारे में पूछा। कर्मचारी द्वारा अपना परिचय देने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।

इसके बाद कथित तौर पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। आरोप है कि मारपीट में हराधन मंडल घायल हो गए और उनके शरीर से खून निकल गया। कर्मचारी को धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है।

कर्मचारियों ने रोका काम

घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर पहुंचे अन्य कर्मचारियों को मिली। इसके बाद कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने काम रोककर घटना का विरोध शुरू कर दिया।

स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीआईएसएफ जवानों की तैनाती की गई। ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि भी मौके पर सक्रिय हुए और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने की बात सामने आई है।

प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया

फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास किए जाने की जानकारी है। वहीं, मारपीट की घटना पर BSP प्रबंधन या संबंधित अधिकारी का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। **प्रबंधन का पक्ष मिलने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।**

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here