
रायपुर छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ने के बीच रायपुर में मुस्लिम समाज की ओर से एक दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में UCC से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर समाज के बुद्धिजीवियों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों को राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
1 सितंबर को गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में बैठक
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के अनुसार, बैठक 1 सितंबर 2026, मंगलवार को गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में आयोजित होगी।
बैठक में रायपुर के मुस्लिम समाज के लोग और बुद्धिजीवी UCC को लेकर अपने विचार और सुझाव रखेंगे। बैठक की जानकारी शहर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा के दौरान ऐलान के माध्यम से भी दी गई है।
दो प्रतियों में लिखित सुझाव देने की अपील
आयोजकों ने समाज के लोगों से UCC से संबंधित अपने सुझाव लिखित रूप में दो प्रतियों में लाने की अपील की है। सुझाव अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के नाम संबोधित करने को कहा गया है।
बैठक में शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
शाम 4 बजे समिति के समक्ष रखे जाएंगे सुझाव
बैठक के दौरान एकत्र किए गए सुझावों को संकलित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इन्हें शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस बैठक का उद्देश्य UCC को लेकर मुस्लिम समाज के विचारों और सुझावों को एकत्र कर उन्हें राज्य स्तरीय समिति तक पहुंचाना है।















