ऑपरेशन आघात: जशपुर में 60 किलो गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
182

जशपुर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे और वाहन की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, थाना बागबहार क्षेत्र में यह कार्रवाई पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्करी की जा रही है।

गांधी चौक पर घेराबंदी कर पकड़ा

31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद थाना बागबहार पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और घेराबंदी शुरू की।

इसी दौरान गांधी चौक, बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार UP-91-U 6302 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27) बताया। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का निवासी है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में रह रहा था।

डिक्की से मिले 60 पैकेट

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। इस दौरान कार की डिक्की से प्लास्टिक टेप से लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें करीब 60 किलो गांजा पाया गया।

पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल वैन्यू कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये, जबकि वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस तरह कुल जब्ती करीब 40 लाख रुपये की बताई गई है।

ओडिशा से यूपी ले जाने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। हालांकि, गांजा उसे किस व्यक्ति से मिला था और इसे यूपी में किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है, ताकि तस्करी के पीछे जुड़े लोगों तक पहुंचा जा सके।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

आरोपी के खिलाफ थाना बागबहार में NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई

जशपुर पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर पुलिस की लगातार नजर है। उन्होंने कहा कि मामले में पूरी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है और संलिप्त पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here