जन्माष्टमी-गणेशोत्सव से पहले धमतरी में फ्लैग मार्च, कलेक्टर-एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान

0
79

संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

धमतरी आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कलेक्टर अबिनास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के नेतृत्व में मंगलवार को जिला मुख्यालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसके जरिए आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने की स्पष्ट चेतावनी दी गई।

फ्लैग मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार समेत प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरा। इसके बाद विंध्यवासिनी मंदिर, सिहावा चौक, अर्जुनी चौक, भखारा रोड बाईपास, मुजगहन और लोहरसी होते हुए रत्नाबांधा रोड में इसका समापन हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कलेक्टर और एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, छेड़छाड़, मारपीट, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

त्योहारों को देखते हुए जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में नाकाबंदी, वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तेज कर दी गई है। प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर रैंडम चेकिंग की जा रही है। अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पैदल पेट्रोलिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को शांति, भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। आपात स्थिति में 100/112 या धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम 94791-92299 पर संपर्क किया जा सकता है। फ्लैग मार्च में डीएफओ कृष्ण जाधव, एएसपी डी.सी. पटेल, एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देहारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी समेत प्रशासन और पुलिस के अधिकारी, थाना प्रभारी, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here