
4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म, सोनल चौहान के साथ रवि किशन और दिव्येंदु ने भी गाने में दिखाया दमदार अंदाज
मुंबई एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले मेकर्स ने इसका नया डांस नंबर ‘घूम घूम’ जारी कर दिया है। फिल्म के थिएट्रिकल रिलीज को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्साह बना हुआ है, ऐसे में नए गाने ने फिल्म को लेकर बज और बढ़ा दिया है।
गाने में सोनल चौहान एनर्जेटिक और ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रही हैं। उनके साथ रवि किशन और दिव्येंदु भी इस हाई-एनर्जी नंबर का हिस्सा हैं। ‘घूम घूम’ को राशमीत कौर और रे ने आवाज दी है, जबकि रे ने इसका संगीत तैयार किया है और गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं।
‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी पहली बार बड़े पर्दे पर अपनी कहानी को नए और बड़े स्केल पर पेश करने जा रही है। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल चौहान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के टीजर और ट्रेलर के बाद अब ‘घूम घूम’ के रिलीज होने से दर्शकों की रिलीज को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।












