एशियन गेम्स में नीरू ढांडा का गोल्डन धमाका, भारत को मिला पांचवां गोल्ड

0
10

नागोया/नई दिल्ली । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजी टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। अपना पहला एशियन गेम्स खेल रहीं नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप इंडिविजुअल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। नीरू ने फाइनल में 28 अंकों के एशियन रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

नीरू ने क्वालीफिकेशन में भी किया शानदार प्रदर्शन

नीरू ढांडा ने क्वालीफिकेशन राउंड में 118 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल में भी उन्होंने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 28 अंक हासिल करते हुए नया एशियन रिकॉर्ड बनाया।

पहले फाइनल में ही रचा इतिहास

फाइनल के दौरान नीरू को शुरुआत में एक शॉट गंवाने के बाद कुछ समय के लिए तीसरे स्थान पर जाना पड़ा। हालांकि, उन्होंने शानदार वापसी की। तीसरी और चौथी सीरीज में लगातार सटीक निशाने लगाकर उन्होंने फिर से बढ़त हासिल कर ली।

पांचवीं सीरीज में एक और शॉट मिस होने के बावजूद नीरू शीर्ष पर बनी रहीं। आखिरी सीरीज में उन्होंने लगातार पांचों निशाने सटीक लगाए और स्वर्ण पदक पक्का कर लिया। पूरे फाइनल में उन्होंने 30 में से 28 शॉट सफलतापूर्वक लगाए।

चीन को सिल्वर, कुवैत को ब्रॉन्ज

नीरू ढांडा ने 28 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की युनोंग सन ने 26 अंकों के साथ रजत और कुवैत की निशानेबाज ने 21 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

महिला ट्रैप इंडिविजुअल में भारत का पहला गोल्ड

नीरू की इस जीत के साथ एशियन गेम्स के इतिहास में महिला ट्रैप इंडिविजुअल स्पर्धा में भारत को पहली बार स्वर्ण पदक मिला है। वह इस स्पर्धा में भारत की पहली महिला पदक विजेता भी बनी हैं।

शूटिंग में भारत का दूसरा गोल्ड

आइची-नागोया एशियन गेम्स में शूटिंग में यह भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है। नीरू के गोल्ड के साथ भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई है।

इससे पहले नीरू ढांडा ने आशिमा अहलावत और मनीषा कीर के साथ महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक भी जीता था। इस तरह अपने पहले ही एशियन गेम्स में नीरू ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here