
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर वे छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर में आयोजित होने वाले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में शामिल होगा।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री सिंगापुर के व्यापार जगत, उद्यमियों और निवेशकों के साथ राज्य में भविष्य के सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे।
SING फोरम का पहला संस्करण
SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। फोरम में सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख और निवेशक शामिल होंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना तथा व्यापार और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
MSME और स्टार्टअप में निवेश के अवसर होंगे प्रमुख विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। राज्य प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
कौशल विकास और हरित विकास पर भी चर्चा
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के साथ बैठकें करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े अनुभवों और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और विकास के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार वैश्विक स्तर की विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार को छत्तीसगढ़ से जोड़कर विकास एवं रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर जोर दे रही है।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिकारी शामिल
मुख्यमंत्री के साथ राज्य प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।



















