
47.15 लाख रुपये के गौरव पथ का भूमिपूजन, कबरटोला में नवधा रामायण में शामिल होकर ग्रामीणों के साथ की रामधुन
कवर्धा । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शनिवार को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 और 5 लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने दोनों गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।
मड़मड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण
ग्राम मड़मड़ा में स्थानीय महिलाओं ने उप मुख्यमंत्री की उपस्थिति में रिबन काटकर नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ किया। नए भवन से बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और आंगनबाड़ी की अन्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर शर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री ने मड़मड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
केंद्र के जरिए ग्रामीण महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकाल सकेंगे। इसके अलावा राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी और ग्रामीणों के समय तथा आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी।
मड़मड़ा में सड़क और सामुदायिक भवनों की घोषणा
ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही बाजार छपरी में 15 लाख रुपये, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपये और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
कबरटोला में देवी दर्शन कर नवधा रामायण में हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कबरटोला में आयोजित दुर्गोत्सव एवं नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देवी दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद रामायण पाठ का श्रवण किया और ग्रामीणों के साथ रामधुन के भक्तिमय वातावरण में समय बिताया।
कार्यक्रम के बाद शर्मा ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं।
कबरटोला में 20.20 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री ने कबरटोला में कुल 20.20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराने की घोषणा की। इनमें पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण शामिल है।


















